Marie Van Brittan Brown Biography in Hindi: आज हर गली-चौराहे से लेकर बड़े-बड़े मॉल, कार्यालय में सीसीटीवी लगे हुए हैं, ताकि लोगों को अप्रिय घटनाओं से बचाया जा सके। सुरक्षात्मक तौर पर आसपास का वातावरण बेहतर बनाने के लिए अब तो लोग घरों में भी सीसीटीवी कैमरा लगवाते हैं। इससे अनजान या असामाजिक तत्वों से अपने परिवार और कीमती सामान की सुरक्षा की जा सकती है। लेकिन क्या आपको पता है कि दुनिया का पहला सीसीटीवी किसने बनाया था? सिक्योरिटी सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए जिस सीसीटीवी का उपयोग लगभग हर क्षेत्र में हो रहा है, उसकी आविष्कारक एक महिला हैं। आइए जानते हैं सीसीटीवी बनाने वाली मैरी वैन ब्रिटन ब्राउन के बारे में।
कौन हैं मैरी वैन ब्रिटन ब्राउन
मैरी वैन ब्रिटन ब्राउन अमेरिका की रहने वाली थीं। वह पेशे से नर्स थी। उनके पति अल्बर्ट एक इलेक्ट्रिशियन थे। अल्बर्ट की मदद से मैरी वैन ने एक ऐसी मशीन बनाई थी, जिसमें कैमरा, टेलीविजन स्क्रीन और माइक्रोफोन की इस्तेमाल किया गया था। इस मशीन का नाम 'होम वीडियो सिक्योरिटी सिस्टम' रखा गया। इसके तहत घर के दरवाजे पर चार अलग अलग जगहों पर छेद करके वहां कैमरे फिट किए गए थे और सभी कैमरा को एक टेलीविजन स्क्रीन से जोड़ा गया था।
मैरी वैन ने बनाया सीसीटीवी
इस सिस्टम के साथ एक माइक्रोफोन भी लगा था, जिसके जरिए दरवाजे के बाहर खड़े व्यक्ति से बात की जा सकती थी। हालांकि यह कैमरा ऑटोमैटिकली ऑन नहीं रहता था, दरवाजे पर दस्तक होने पर ही भीतर से उसको ऑन करना और फिर स्क्रीन पर देखना होता था।
अमेरिका के सिक्योरिटी सिस्टम में बड़ा बदलाव
काफी मेहनत और कोशिश के बाद 1966 में यह मशीन बनकर तैयार हुई थी। मैरी और अल्बर्ट के आवेदन पर 1969 में अमेरिकी सरकार से उन्हें पेटेंट मिल गया। मैरी वैन ब्रिटन ब्राउन के इस आविष्कार ने अमेरिका में सिक्योरिटी सिस्टम को पूरी तरह से बदल दिया। आज सीसीटीवी सिक्योरिटी हमारी जिंदगी का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है।