चर्च में गाने से शुरू हुआ सफर
मुश्किल से 6-7 साल की उम्र रही होगी व्हिटनी की जब वे चर्च में अपनी माँ के साथ गाने लगी थीं। 11 वर्ष की उम्र से बकायदा उन्होंने सोलो सिंगर के तौर पर जूनियर गॉस्पेल कॉयर में गाना शुरू कर दिया था। यही वह समय था जब उन्होंने पियानो बजाना भी सीखा। 14 साल की उम्र तक आते आते व्हिटनी बड़े सिंगर्स के साथ बैकअप आर्टिस्ट के तौर पर काम करने लगीं। एक दिन जब वे अपनी माँ के साथ गा रही थीं तब उनपर एक फोटोग्राफर की नजर पड़ी और 16 साल की उम्र में व्हिटनी फैशन मॉडल बन गईं। इसके बाद व्हिटनी ने मॉडलिंग, सिंगिंग और एक्टिंग की दुनिया में तेजी से कदम बढ़ाने शुरू कर दिए।
प्रसिद्धि के परे दुखद दुनिया
व्हिटनी ने अपनी आवाज़ और शख्सियत से अश्वेत लोगों के इतिहास में कई नई उपलब्धियां जोड़ दी थीं क्योंकि उन्हें मिलने वाले मौके आसान नहीं थे। वे अपने टैलेंट के बल पर तेजी से आगे बढ़ने लगीं। जब सबकुछ इतनी तेजी से मिलने लगता है तो अक्सर समय भागता है और व्हिटनी के लिए भी भागा। सफलता के रथ पर सवार व्हिटनी दुनियाभर में छा रही थीं। कई ग्रैमी अवार्ड्स, फ़ोर्ब्स की 20 सर्वाधिक कमाई करने वाली सेलिब्रिटीज में शामिल नाम, बेस्ट सेलिंग एलबम्स और लम्बे समय तक टॉप 10 में शामिल गानों के साथ व्हिटनी आगे बढ़ती रहीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात आर एन्ड बी सिंगर बॉबी ब्राउन से हुई और कुछ सालों की कोर्टशिप के बाद उन्होंने शादी कर ली।
व्हिटनी को नहीं मालूम था कि यहाँ से जिंदगी का पीड़ादायक मोड़ शुरू होने वाला है। बॉबी शराब पीकर गाड़ी चलाने से लेकर ड्रग्स लेने तक कई बुरी आदतों के शिकार थे और जेल भी जा चुके थे। इस बीच व्हिटनी ने एक बेटी को जन्म भी दिया लेकिन इस रिश्ते की पीड़ा ने व्हिटनी को तोड़कर रख दिया। वे भी ड्रग्स की लत में पड़ गईं और आखिरकार एक दिन होटल के कमरे में बाथटब में मृत पाई गईं। उनकी चमकीली आंखों में कैद सितारे आसमान में जा मिले। अपनी बुलंद आवाज़ और शख्सियत की तरह ही व्हिटनी ने अपने फैसले भी निडरता से लिए और लोगों की भलाई को देखते हुए लिए। वे नेल्सन मंडेला की समर्थक रहीं और इस अपने इस फैसले के चलते उन्होंने कई ऐसी मॉडलिंग एजेंसियों के साथ काम करने से इंकार भी किया जो रंगभेद में विश्वास रखती थीं। उन्होंने कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए फाउंडेशन बनाया और कई सामाजिक कामों से जुड़ीं।
कई ग्रैमी अवार्ड्स हुए व्हिटनी के नाम
- फोटो : social media
'वी विल आलवेज़ लव यू'
व्हिटनी ने केवल गाने ही नहीं गाये अभिनय भी किया और उनके अभिनय के भी सब कायल हुए। जब व्हिटनी ने अपनी डेब्यू फिल्म 'द बॉडीगार्ड' में चमकती आँखों और रूह से निकले स्वरों के साथ गाया 'आय विल आलवेज़ लव यू', तो हर युवा को लगा जैसे ये गाना उसके लिए ही बनाया और गाया गया है। इस गीत को उस साल के लिए ग्रैमी अवार्ड फॉर रिकॉर्ड ऑफ़ द इयर, भी प्रदान किया गया। वहीं इस फिल्म के साउंडट्रैक को उस साल के लिए ग्रैमी अवार्ड प्रदान किया गया और यह किसी महिला द्वारा बेस्ट सेलिंग फिजिकल सिंगल के रूप में इतिहास में दर्ज हुआ। फिल्म ने और भी कई रिकॉर्ड्स सिर्फ संगीत के लिए अपने नाम लिखे और व्हिटनी की मुस्कुराहट लोगों के दिलों में कैद हो गई। आज भी जब ये गीत बजता है तो लोगों के दिलों से यही निकलता है, व्हिटनी वी विल आलवेज़ लव यू।