बेटियां चाहे तो कुछ भी कर सकती हैं। बस, जरूरत है उन्हें बढ़ावे की। देश की रक्षा करना हो या फिर खेल का मैदान हर जगह महिलाओं का दबदबा देखने को मिल जाएगा। एक बार फिर भारतीय महिलाओं ने ये साबित कर दिया वो सबसे आगे हैं। तभी तो चेन्नई की नेत्रा कुमानन ने अमेरिका में इतिहास रच दिया है।
चेन्नई की नेत्रा कुमानन केवल 22 साल की हैं। नेत्रा ने सेलिंग वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में मेडल जीता है। ऐसा करने वाली वो भारत की पहली महिला बन गई हैं। नेत्रा ने मियामी में हेंपेल वर्ल़् सीरीज में हिस्सा लिया था और राउंड टू में कांस्य पदक जीता।
इससे पहले भी नेत्रा एशियन गेम्स में हिस्सा ले चुकी हैं। अब नेत्रा का लक्ष्य टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करना है। अगर वे एशियन सेलिंग चैंपियनशिप में टॉप-2 में रहती हैं तो टोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई कर लेंगी।
चेन्नई की नेत्रा एसआरएम कॉलेज से इंजीनियरिंग की छात्रा रही हैं। उनके पिता आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। साल 2013 में तमिलनाडु सेलिंग एसोसिएशन की ओर से लगे समर कैंप में नेत्रा ने हिस्सा लिया था और वहीं से उन्होंने सेलिंग की प्रोफेशनल ट्रेनिंग लेना शुरू किया।