Suman Dhamane Biography in hindi: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर की रहने वाली सुमन धामने ने उम्र की परवाह किए बिना डिजिटल दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है। 74 वर्षीय सुमन धामने को लोग प्यार से "आपली आजी" कहते हैं। सुमन धामने यूट्यूब पर काफी मशहूर हैं। वह 1.78 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर के साथ यूट्यूब पर एक लोकप्रिय चेहरा बन चुकी हैं। उनका एक कुकिंग चैनल है, जिसकी खासियत खाने की पारंपरिक रेसिपी और नई व्यंजन विधियों को सिखाना है।
कैसे हुई यूट्यूब सफर की शुरुआत?
सुमन धामने को पहले इंटरनेट और सोशल मीडिया के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। उनके पोते यश ने उन्हें यूट्यूब चैनल शुरू करने के लिए प्रेरित किया और तकनीकी सहायता दी। शुरुआती दौर में कैमरे के सामने बोलने में उन्हें हिचकिचाहट महसूस होती थी, लेकिन समय के साथ उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया।
हर महीने लाखों की कमाई
आज, सुमन धामने अपने यूट्यूब चैनल से 5 से 6 लाख प्रति माह की कमाई कर रही हैं। उनकी वीडियो न केवल स्वादिष्ट व्यंजन सिखाती हैं, बल्कि दर्शकों को अपने घर की दादी-नानी की याद भी दिलाती हैं। उनके वीडियो में घरेलू और अपनापन भरा माहौल होता है, जो लोगों को बहुत पसंद आता है।
सुमन धामने ने यह साबित कर दिया कि सीखने और आगे बढ़ने की कोई उम्र नहीं होती। उन की रेसिपी और बोलने का तरीका लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म का सही उपयोग करके उन्होंने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया।सुमन धामने की कहानी उन सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक है, जो यह सोचते हैं कि नए काम की शुरुआत करने के लिए उम्र एक बाधा बन सकती है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर मेहनत और लगन हो, तो किसी भी उम्र में सफलता पाई जा सकती है।