2.5 किलो का स्वर्ण जड़ित कोदंड भेंट किया अमावा राम मंदिर न्यास की ओर से नृपेंद्र मिश्र को सोने का तीर-धनुष भेंट किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष के. परासरन की ओर से उनके पौत्र विष्णु और सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने स्वर्ण जड़ित तीर-धनुष भेंट किया। किशोर कुणाल ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का धनुष जिसे कोदंड के नाम से जाना जाता है, उसे चेन्नई में बनवाया गया है। 2.5 किलो वजन का यह तीर-धनुष तांबे के बेस पर स्वर्ण जड़ित है।
आज अयोध्या में देश देखेगा यूपी की संस्कृति की झलक
अयोध्या। सोमवार को रामनगरी में समूचे भारत के दर्शन होंगे। संस्कृति मंत्रालय के क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों के 200 कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इनमें यहां आंध्र प्रदेश, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, मेजबान उत्तर प्रदेश की झलक प्रस्तुत होगी। वहीं, मालिनी अवस्थी, कन्हैया मित्तल सरीखे कलाकार भी सुरमयी सांझ सजाएंगे। राम की पैड़ी पर इको फ्रेंडली आतिशाबाजी व लेजर शो भी होगा। श्रीराम भारती कला केंद्र की तरफ से शाम छह बजे से रामकथा पार्क में रामलीला होगी। वहीं, पर्यटन विभाग के तत्वावधान में शाम 6.30 बजे से सात बजे तक राम की पैड़ी पर सरयू आरती होगी। सात बजे तक यहीं प्रोजेक्शन शो का आयोजन किया गया है। शाम 7:30 से 7.45 तक राम की पैड़ी पर लेजर शो होगा। इसके बाद इको फ्रेंडली आतिशबाजी का नजारा प्रस्तुत किया जाएगा। तुलसी उद्यान पर रात्रि 8 से 9 बजे तक मालिनी अवस्थी का कार्यक्रम होगा। इसी अवधि में कन्हैया मित्तल रामकथा पार्क में प्रस्तुति देंगे।
काशी की महिमा के जरिये पीएम का स्वागत
रामनगरी में सिर्फ अवध ही नहीं, बल्कि पूरा उत्तर प्रदेश नजर आएगा। वाराणसी के मोहित चौरसिया, राजेश उपाध्याय व दीपक शर्मा डमरू वादन से जहां रामनगरी में काशी की महिमा के जरिये अपने सांसद पीएम मोदी का स्वागत करेंगे तो अयोध्या के राजीव लोचन मिश्र शंख वादन से अतिथि देवो भवः की परंपरा का साक्षात्कार कराएंगे। धोबिया लोकनृत्य, फरुआही नृत्य, वनटांगिया जनजातीय लोकनृत्य आकर्षक होगा। मथुरा के खजान सिंह व महिपाल बम रसिया तो राजेश शर्मा-मणिका, माधव आचार्य, गीतकृष्ण शर्मा मयूर लोकनृत्य से ब्रज की खुशबू से अवध को महकाएंगे। झांसी के प्रदीप सिंह भदौरिया की टीम राई लोकनृत्य प्रस्तुत करेगी। 100 मंचों पर 2500 कलाकार भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा के सारथी बनेंगे।