रामलला के दर्शन को सुलभ बनाने के लिए रेलवे भी तैयारियों में जुटा है। उत्तर रेलवे ने अयोध्या के लिए अलग-अलग जगहों से 20 आस्था स्पेशल ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को दिया है। इनमें आठ ट्रेनों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
पहली ट्रेन 25 जनवरी को देहरादून से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी, जबकि दिल्ली से आठ फरवरी को पहली आस्था स्पेशल ट्रेन चलेगी। अधिकारियों का कहना है कि अभी आठ ट्रेनों का शेड्यूल जारी किया गया है। शेष 12 ट्रेनों का शेड्यूल भी जल्द जारी होगा। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि ये ट्रेनें किसी संगठन, संस्था या किसी पार्टी के नेतृत्व में ही बुक कराई जा सकती है। जिसमें लोग सामूहिक यात्रा करेगें। यानी पूरी ट्रेन बुक कराई जाएगी।
उत्तर रेलवे के अधिकार क्षेत्र के श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा, अमृतसर, हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब अंदौरा, देहरादून, नई दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज और बनारस से चलेंगी। इन ट्रेनों में 16 से 22 कोच होंगे। इसका संचालन आईआरसीटीसी को दिया गया है। ट्रेन बुकिंग के साथ खानपान की सुविधा भी आईआरसीटीसी की ओर से किया जाएगा।
बता दें कि रेलवे बोर्ड ने किस जोन से अयोध्या के लिए कितनी ट्रेनें चलाई जाएंगी, इसकी जानकारी मांगी थी। इस पर उत्तर रेलवे ने 20 ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव भेजा है जिसमें आठ ट्रेनों का शेड्यूल जारी किया गया है। खास बात यह है कि अयोध्या उत्तर रेलवे के अधीन है। ऐसे में उत्तर रेलवे के पास बड़ी जिम्मेदारी है।
खानपान की रहेगी विशेष व्यवस्था
आमतौर पर त्योहार स्पेशल या अतिरिक्त भीड़भाड़ को देखते हुए चलाई जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में पैंट्री कार नहीं होती हैं, लेकिन आस्था स्पेशल ट्रेनों में पैंट्री कार होगी। यात्रियों के खानपान का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। इससे राम भक्तों को असुविधा नहीं होगी।
इन आठ जगहों से चलेंगी ट्रेनें
ट्रेन संख्या यहां से चलेगी दिनांक प्रस्थान का समय
04696 श्री माता वैष्णो देवी कटरा 07 फरवरी 04:20 बजे
04650 अमृतसर (पंजाब) 07 फरवरी 05:55 बजे
04318 अंब अंदौरा (हिमाचल प्रदेश) 07 फरवरी 15:50 बजे
04316 देहरादून (उत्तराखंड) 25 जनवरी 14:15 बजे
04022 नई दिल्ली 08 फरवरी 23:55 बजे
04278/04277 लखनऊ (उत्तर प्रदेश) 31 जनवरी 05:10 बजे
04202/04201 प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) 30 जनवरी 13:15 बजे
04292/04291 बनारस (उत्तर प्रदेश) 30 जनवरी 06:15 बजे