22 जनवरी को अपनी मौजूदगी को लेकर इकबाल अंसारी का जवाब
22 जनवरी को अपनी मौजूदगी को लेकर इकबाल अंसारी ने कहा कि हम अपने घर पर रहेंगे और प्रधानमंत्री अगर हमारे घर से गुजरेंगे तो उनका स्वागत करेंगे। साथ ही कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पूरे देश के मुसलमान ने सम्मान किया। हिंदुस्तान के मुसलमानों ने इस आदेश का स्वागत किया। कोर्ट ने फैसला किया, हम इस देश के निवासी हैं, कानून का सम्मान करते हैं। अब कोई चीज बची नहीं है। पीएम मोदी हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं, जब-जब अयोध्या आएंगे तब-तब उनका स्वागत है।
अयोध्या में गंगा-जमुनी तहजीब: इकबाल अंसारी
अयोध्या को लेकर बाहर से जो लोगों में दूराव का नजरिया है यहां नहीं दिखता, उस लिहाज से अयोध्या के मयाने क्या हैं? इस सवाल पर इकबाल अंसारी ने कहा कि अयोध्या धर्मनगरी है, सारे धर्म और जात के लोग हैं। अयोध्या में गंगा-जमुनी तहजीब है। साथ ही उन्होंने अपील भी कि लोगों को धर्म के आधार पर नहीं लड़ना चाहिए।
भाजपा सरकार के विकास को सराहा
अयोध्या के विकास को लेकर सवाल पर इकबाल अंसारी ने कहा कि विकास का काम जो हुआ वो बेहतर है। जो कमियां थीं उन्हें प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की सरकार ने दूर किया। अयोध्या में जो बदलाव हो रहे वो अच्छा हैं। बहुत सी सरकारें आईं लेकिन उन्होंने अयोध्या की तरफ ध्यान नहीं दिया। मुकदमा एक अलग मामला था, लेकिन उन्होने अयोध्या के विकास पर ध्यान नहीं दिया। मौजूदा सरकार आई और उसने विकास करके दिखाया।
विकास के मुद्दे पर पहले की सरकारों ने की राजनीति: अंसारी
साथ ही इकबाल अंसारी ने कहा कि पहले की सरकारों ने राजनीति के मुद्दे की आड़ लेकर अयोध्या का वैसा विकास नहीं हुआ जो हो सकता था और अब वो विकास हो रहा है। अयोध्या में कांग्रेस की सरकार कई दिन रही। लेकिन उनका एक पत्थर नहीं लगा।