राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी गैस एजेंसी संचालक ने जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। बाद में बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता आरोपी के साथ कार से लिफ्ट लेकर जा रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित विवाहिता ने बताया कि उसे चित्तौड़गढ़ से कपासन जाना था। जिसके लिए वह रास्ते में खड़े होकर सवारी गाड़ी का इंतजार कर रही थी। इस दौरान गैस एजेंसी का संचालक केशूराम कार से वहां आ गया। महिला उसे पहले से जानती थी। केशूराम ने महिला से पूछा कि वह कहां जा रही है, जिसके बाद उसने उसे कपासन की ओर जाने की जानकारी दी।
आरोपी ने कहा कि वह भी उसी तरफ जा रहा है, उसे छोड़ देगा। एक दो बार मना करने के बाद महिला उसके साथ चली गई। कुछ दूर चलने के बाद आरोपी ने एक होटल पर अपनी कार रोक दी। जहां से आरोपी ने दो जूस के पैकेट लिए जिसे पीने के बाद पीड़िता बेहोश हो गई।
करीब चार घंटे बाद महिला को होश आया तो वह एक मैदान पर पड़ी थी। जिसके बाद पीड़िता को अपने साथ हुई ज्यादती का पता चला। पीड़ित महिला अपने घर पहुंची और घटना की जानकारी पति को दी। बाद में दोनों थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया।