बीकानेर में एक पत्नी ने पति के सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी ने चार फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को गाड़ दिया। 26 दिन बाद शव को जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार दो मई को लूणकरणसर के कपूरीसर गांव में द्वारका प्रसाद पूनिया की घर में हत्या कर दी गई। इस दौरान पिता सहित घरवाले सो गए थे। जब सुबह बेटा नहीं दिखा तो पिता ने बहू मनोज से पूछा। उसने बताया कि वे बाहर चले गए। एक दो दिन बाद जब द्वारका प्रसाद नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू कर दिया। जब वह नहीं मिला तो मृतक के चचेरे भाई ने पुलिस में रिपोर्ट लिखाने की बात कही लेकिन परिजनों ने कहा कि वह मिल जाएगा।
शव को घर के बाड़े में दफनाया
वहीं चचेरे भाई का भाभी पर शक गहरा गया। शुक्रवार को चचेरे भाई ने मृतक की पत्नी मनोज से सख्ती से पूछताछ की। इस दौरान मनोज ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने पति की हत्या कर दी है और शव घर के पास बाड़े में ही दफना दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शराब पार्टी से परेशान होकर की हत्या
आरोपी पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह पति के शराब पीने की आदत से परेशान थी। घर में रोज रोज होने वाली शराब पार्टियों से वह तंग आ चुकी थी। इसलिए पति जब घर आया तो उसने उसपर हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर उसने शव को गड्ढा में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में और कोई शामिल था या महिला अकेली थी। पुलिस ने अब मनोज को गिरफ्तार कर लिया है।