अस्पताल के बाहर बैठे मृतक बुजुर्ग के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
गांव के युवकों द्वारा गाली गलौज करने से टोकने पर बदमाशों ने घर में घुसकर पिता पुत्र पर हमला कर दिया। सरिए और पाइप के वार करने से रामरतन (50) के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना 23 मई की शाम को बूंदी जिले के देहीखेड़ा थाना क्षेत्र के डपटा गांव की है। शव को कोटा एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक के बड़े भाई ओम प्रकाश मीणा ने बताया कि 23 मई की शाम को रामरतन का बेटा श्याम घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवक शराब के नशे में किसी को गाली गलौज कर रहे थे। श्याम ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। श्याम घर आया तो युवक भी उसके पीछे घर पहुंच गए।
इस दौरान युवकों ने घर में घुसकर श्याम और उसके भाई से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच श्याम के पिता रामरतन घर पहुंचे और उन्होंने बीच बचाव करने का प्रयास किया। युवकों ने सरिए और पाइप से रामरतन के सिर पर हमला किया। जिसके बाद मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल रामरतन को परिजन देहीखेड़ा अस्पातल लेकर गए। जहां से उसे अगले दिन कोटा रेफर कर दिया गया। कोटा में उसका ऑपरेशन हुआ, लेकिन इलाज के दौरान रामरतन ने दम तोड़ दिया।
ओमप्रकाश ने बताया कि झगड़े में श्याम मीणा और उसके भाई हनुमान के भी चोटें आई। दोनों के टांके भी लगाए गए हैं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आकाश हरिजन, साहिल हरिजन, बुद्धिप्रकाश बैरवा, दीनदयाल बैरवा के खिलाफ केस दर्ज किया था। रामरतन की मौत के बाद केस में हत्या की धारा बढ़ाकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।