फुलेरा-सांभर, रेनवाल के ग्रामीण दूदू ज़िले में जुड़ना नहीं चाहते हैं। सांभर की अनदेखी करने और सांभर को जिला नहीं बनाने और दूदू को जिला बनाकर उसमें फुलेरा, सांभर, रेनवाल को शामिल करने पर ग्रामीणों में आक्रोश है। इसके विरोध में रविवार को सांभर कस्बे में लोगों ने सड़कों पर उतरकर चक्का जाम कर दिया और बाज़ार भी बंद रखे।
गुस्से में चक्का जाम और बाजार बंद
सीएम अशोक गहलोत की नए जिलों की घोषणा के बाद कई स्थानों पर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। सांभर-फुलेरा, रेनवाल कस्बे के नाराज़ ग्रामीणों ने सांभर कस्बे को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए बाजार बंद रखे। उन्होंने पृथ्वीराज सर्किल पर चक्का जाम धरना दिया।
70 वर्ष पुरानी मांग को सीएम ने ठकराया
विरोध कर रहे ग्रामीणों और सांभर-फुलेरा ज़िला बनाओ संघर्ष समिति संयोजक विवेक शर्मा ने कहा कि सांभर-फुलेरा को जिला बनाने की मांग वर्षों से की जाती रही है। सांभर-फुलेरा जिला बनने के सभी मापदंड पूरे करता है। 70 वर्षों से चली आ रही मांग को सीएम गहलोत ने ठुकरा दिया और नियमों को ताक में रखकर छोटे से कस्बे दूदू को जिला बना दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने सीएम गहलोत का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान एहतियात के तौर पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।