पिछले साल भैरो सिंह से मिले थे अमित शाह
- फोटो : सोशल मीडिया
16 दिसंबर 1971 को भारत ने पाकिस्तान को युद्ध में करारी शिकस्त दी थी। इसके बाद से भारत इस दिन को विजय दिवस के रूप में मनाता है। पाकिस्तान को युद्ध में हराने वाले कई रियल हीरो में से एक हैं बीएसएफ जवान भैरो सिंह। सीने की दर्द की शिकायत के कारण वह कुछ दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। जोधपुर के ऑल इंडिया मेडिकल इंस्टिट्यूट में उनका इलाज रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भेरो सिंह से बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 1971 के युद्ध में भैरो सिंह जैसलमेर की लोंगे वाला पोस्ट पर तैनात थे। यहां भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के छक्के छुड़ा दिए थे। कई पाकिस्तानी सैनिकों को उन्होंने मार गिराया था। बहादुरी के लिए उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। उनकी बहादुरी पर बॉर्डर फिल्म भी बन चुकी है। जिसमें भैरो सिंह का किरदार अभिनेता सुनील शेट्टी ने निभाया था।
बता दें कि भैंरो सिंह जोधपुर के सोलकिया तला के रहने वाले हैं। वे 1987 में बीएसएफ से रिटायर हुए थे। दिसंबर 2021 में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जैसलमेर में बॉर्डर दौरे पर आए थे। इस दौरान अमित शाह ने भैरो सिंह से मुलाकात की थी।