उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जयपुर में नेशनल इलेक्ट्रो होम्योपैथी सेमिनार में शामिल हुए।
- फोटो : अमर उजाला
देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को जयपुर में आयोजित नेशनल इलेक्ट्रो होम्योपैथी सेमिनार के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कांग्रेस और पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राम और राम-राज्य का आदर्श हमारे संविधान में निहित है। संविधान में मौलिक अधिकारों के ऊपर राम-लक्ष्मण-सीता का चित्र है।
उन्होंने कहा- मुझे बहुत पीड़ा होती है जब अज्ञानी हलफनामा दे देते हैं कि राम काल्पनिक हैं। धनखड़ ने कहा कि जो लोग समाज को हिस्सों में बांटना चाहते हैं, तात्कालिक राजनीतिक फायदे के लिए जहर फैलाना चाहते हैं, वे ही 35 बनाम 1 की बात करते हैं। वह लोग समाज के दुश्मन नहीं, बल्कि खुद के भी दुश्मन हैं। ऐसे तत्वों को सबक सिखाने की नहीं, बल्कि समझाने की दरकार है।
धनखड़ ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लालकिले की प्राचीर से स्वच्छता और शौचालय का आह्वाहन करते हैं तो देश की मानसिकता बदलती है। 140 करोड़ के देश में 11 करोड़ शौचालयों का निर्माण, 10 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति मिली। संसार का सबसे व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा कार्यक्रम "आयुष्मान भारत" चलाया जा रहा है। उपराष्ट्रपति ने यहां राजस्थान की तरह अन्य राज्यों में भी इलेक्ट्रो होम्योपैथी का अनुमोदन करने का आह्वान किया।
पिछली सरकार ने मेरा हेलीकॉप्टर नहीं उतरने दिया
उपराष्ट्रपति ने कहा कि नए नेतृत्व में राजस्थान देश का सर्वोच्च राज्य होगा। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से संबंधों का जिक्र करते उन्होंने बताया कि मैं पिछले साल सितंबर में दूदू स्थित धन्ना भगत जाट की जन्मस्थली जाना चाहता था। लेकिन, तत्कालीन सरकार ने कह दिया कि यहां हेलीकॉप्टर नहीं उतर पाएगा। तब, बैरवा के सुझाव पर एक किसान रामू लाल भामू ने जिला कलेक्टर को लिखकर दिया कि मेरा खेत ले लो। इसमें तीनों हेलीकॉप्टर एक साथ उतर सकते हैं।
आर्थिक राष्ट्रवाद के लिए दिए तीन मंत्र
- उद्योगों को अपरिहार्य सामान का ही आयात करना चाहिए।
- कच्चे माल की जगह वैल्यु एडेड सामान का निर्यात करे, ताकि कामगारों को रोजगार के अवसर मिलें।
- फिजूलखर्च और दिखावे से बचें। अधिक धन होना संसाधन व्यर्थ करने की अनुमति नहीं देता।