भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद पर शोषण का आरोप लगाने वाली लड़की को यूपी पुलिस ने राजस्थान के दौसा जिले से शुक्रवार सुबह बरामद कर लिया। जिसके बाद से उसे सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दिल्ली ले जाया जा रहा है। लड़की को आज शाम कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है।
सुप्रीम कोर्ट ने छात्रा को दिल्ली लाने को कहा
उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद लापता हुई कानून की छात्रा राजस्थान में मिली है। न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश वकील से कहा कि वह चिन्मयानंद के खिलाफ आरोप लगाने वाली महिला के ठिकाने की सटीक जानकारी दे। न्यायालय ने राज्य सरकार से यह भी पूछा कि महिला को अदालत में कब पेश किया जा सकता है?
लड़की को कोर्ट में किया जाएगा पेश: यूपी पुलिस
बरेली जोन के डीआईजी राजेश पांडेय ने कहा कि लड़की को कोर्ट में जल्द पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लड़की के साथ एक युवक भी था जिसका नाम संजय सिंह है।
दौसा से बरामद हुई लड़की
पुलिस ने बताया कि लड़की को राजस्थान के दौसा जिले से बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार लड़की से पूछताछ के बाद पुलिस घटना के अन्य पहलुओं का खुलासा करेगी।
पुलिस टीम को नहीं मिले स्वामी चिन्मयानंद
एक सवाल के जवाब में डीआईजी राजेश पांडेय ने कहा कि स्वामी चिन्मयानंद से पूछताछ के लिए एक टीम उनके आवास व कॉलेज परिसर गई थी। लेकिन, वह नहीं मिले। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ की रंगदारी के मुकदमें में पूछताछ के बाद ही कुछ निष्कर्ष निकलकर सामने आएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़िता के पिता और स्वामी चिन्मयानंद दोनों के मुकदमों को देख रही है जिसमें जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने भी एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके अनुसार, लड़की 5 करोड़ रुपया मांग रही थी और मीडिया ट्रायल के लिए जाने की धमकी दे रही थी। उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।