केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा। राजस्थान में महिलाओं और बच्चियों से दुष्कर्म के एनसीआरबी के आंकड़ों को लेकर शेखावत ने कहा कि आंकड़े झूठ नहीं बोलते।
गुरुवार को एक्स (ट्वीट) कर शेखावत ने कहा कि इन आंकड़ों को देखकर हर एक संवेदनशील इंसान सीएम गहलोत से सवाल पूछना चाहेगा कि किसने बनाया अपराधियों को पनाह देता यह खतरनाक वातावरण? किसकी वजह से राज्य दुष्कर्म के मामलों में नंबर एक हो गया? केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीएम साहब यह चुनाव का नहीं मानवता का मुद्दा है। जिम्मेदारी आपकी थी और है। और यहां आप कब के हार चुके हैं।
इसके अलावा मेगा हाईवे राणासर पर गाड़ी से टक्कर मारकर युवकों की नृशंस हत्या को शेखावत ने दिल दहला देने वाला बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गहलोत जी ने कानून-व्यवस्था को गर्त में पहुंचाकर गैंग कल्चर को बढ़ावा दिया है। मृतकों के परिवारों से गहरी संवेदना है, उन्हें न्याय मिलना चाहिए। घोर विडंबना है कि इस तरह के अपराधों में आरोपियों के साथ सरकार भी कटघरे में खड़ी नजर आती है।