हरीझंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना।
- फोटो : अमर उजाला
धौलपुर जिले के रेल यात्रियों को एक और सौगात मिली है। कोलकाता-आगरा ट्रेन नंबर 2319-2320 का अब तक कलकत्ता से आगरा तक संचालन किया जाता था, लेकिन गुरुवार से इस ट्रेन का ग्वालियर तक एक्सटेंशन कर दिया गया है।
करौली-धौलपुर सांसद डॉ मनोज राजौरिया ने रेल मंत्री से इस ट्रेन के एक्सटेंशन को लेकर चर्चा की थी। जिसमें धौलपुर से कलकत्ता के लिए जिलेवासियों को डायरेक्ट ट्रेन मिल सके। सांसद की मांग के बाद रेल प्रशासन ने इस ट्रेन का ग्वालियर तक एक्सटेंशन कर दिया गया।
गुरुवार को पहली बार जब यह ट्रेन धौलपुर स्टेशन पर पहुंची तो जिला भाजपा के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्टेशन पर मौजूद रहे। जिनके द्वारा ट्रेन के चालको का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
रेलवे के आगरा डिवीजन की पीआरओ प्रशस्ति और भाजपा के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर ने हरी झंडी दिखाकर अगले स्टेशन के लिए रवाना किया। ट्रेन अपने निर्धारित समय 11.35 बजे मुरैना के लिए रवाना हो गई। आगरा डिवीजन की पीआरओ प्रशस्ति ने बताया कि इस ट्रेन से सीधे कलकत्ता जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।