केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नए जिलों की घोषणा को लेकर गहलोत सरकार पर हमला बोला। शेखावत ने कहा कि ये सिर्फ चुनावी लाभ के लिए आनन-फानन और तुगलकी फरमान वाला निर्णय है। शेखावत ने कहा कि यह नायाब नमूना पहली बार हुआ होगा, जब अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर जिले घोषित कर दिए गए हों।
केंद्रीय मंत्री शेखावत रविवार को भाजपा के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री हरीश कुमावत के निधन पर शोक जताने नागौर के कुचामन पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए नए जिलों की घोषणा पर कहा कि मुझे लगता है कि यह प्रश्न ही बेमानी है। हम सब जानते हैं कि केवल चुनाव के लाभ के लिए आनन-फानन में इस तरह का तुगलकी फरमान जारी किया गया है।
शेखावत ने कहा- सात दिन पहले सरकार एक नोटिफिकेशन जारी करती है कि जो कमेटी सेवानिवृत्त आईएएस रामलुभाया के नेतृत्व में बनाई गई है, उसका काम पूरा नहीं हुआ है, इसलिए उसको एक्सटेंशन दिया गया है। एक सप्ताह के बाद में कमेटी की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर नए जिले घोषित कर दिए। उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से यह नायाब नमूना पहली बार हुआ होगा, जब सरकार ने अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर जिले घोषित कर दिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं सुबह कुछ जिलाधिकारियों से चर्चा कर रहा था। जिलाधिकारियों को भी इस बात की जानकारी नहीं है, कौन से जिले में कौन सी तहसील होगी? यहां तो स्थिति और भी हास्यास्पद है। दो जगह दो अलग-अलग विधायक एक ही जिला बनने के अलग-अलग मुख्यालय की खुशियों में लड्डू बांट रहे हैं और फूलवर्षा कर रहे हैं।
नए जिलों का भगवान ही मालिक
बगड़ी (लक्ष्मणगढ़) में शेखावत ने कहा कि जिस तरह से नए जिलों का गठन किया गया है, उससे लगता है कि सरकार ही जानती है कि इनका क्या होगा? जिस तरह बोलचाल की भाषा में किसी के लिए कहा जाता है, इसका तो राम को ही पता। उसी प्रकार नए जिलों को लेकर भगवान ही जानता है क्या होगा? इनके बारे में तो सरकार भी नहीं जानती होगी।
केंद्र की योजनाओं के बूते हो रहा है राज्य में विकास
शेखावत ने कहा कि राजस्थान में धरातल पर जो भी विकास दिख रहा है, वह सब केंद्र की योजनाओं के बूते दिख रहा है। रोड नेटवर्क का सारा काम केंद्र सरकार कर रही है। मनरेगा में केंद्र सरकार का पैसा है। जल जीवन मिशन भी केंद्र सरकार के सहयोग से चल रहा है। राज्य सरकार की आय लोन चुकाने में या रुटीन के खर्चों में ही पूरी हो रही है।
श्री करणी सेना के संस्थापक और पूर्व मंत्री को दी श्रद्धांजलि
शेखावत किशनगढ़, नागौर और लक्ष्मणगढ़ कालवी में शोकसभाओं में शामिल हुए। शेखावत कालवी गांव पहुंचे और श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद शेखावत कुचामन में पूर्व मंत्री हरीश कुमावत को श्रद्धांजलि देने उनके निवास पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। शेखावत ने कहा कि हरीश जी भारतीय जनसंघ के समय की पीढ़ी के व्यक्ति थे।