केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने देश में होने वाले अधिकतर आतंकी हमलों के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि पाक अपने यहां पनप रहे आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करता है तो भारत उसके साथ खड़ा होगा।
इससे दोनों देशों में रिश्ते सुधरेंगे। साथ ही दक्षिण एशिया क्षेत्र में शांति और स्थायित्व आएगा। राजनाथ ने बुधवार को जयपुर में काउंटर टेरेरिज्म कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारत में होने वाले ज्यादातर आतंकवादी हमले पड़ोसी देश की सरजमीं से उत्पन्न होते हैं।
उसे थोड़ी ईमानदारी दिखानी होगी और अपनी धरती से भारत के विरुद्ध गतिविधियों में लिप्त विभिन्न आतंकी समूहों पर लगाम लगाने के लिए कड़े कदम उठाने होंगे। यदि पाकिस्तान आतंकवादियों और उनके संगठनों के खिलाफ निर्णयात्मक कार्रवाई करता है तो भारत सरकार उसके साथ खड़ी होगी।