उदयपुर दौरे पर आए राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने अंदरूनी झगड़े सुलझाए। वहीं, उन्होंने रिफाइनरी हादसा को गंभीर चूक होने की बात कही है।
दरअसल, उदयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए गोविंद डोटासरा ने कहा कि भाजपा आम जनता और विपक्ष पर कार्रवाई करने के बजाय अपने ‘अंदरूनी झगड़े’ सुलझाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वसुंधरा राजे से जुड़े मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि असली सवाल यह है कि पोस्ट किसने तैयार किया और सबसे पहले किसने वायरल किया।
उन्होंने कहा कि अगर जिन लोगों को पकड़ा गया है, उन्होंने ही सबसे पहले पोस्ट किया है तो कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन जब वही सामग्री हर जगह फैली है तो सिर्फ चुनिंदा लोगों पर कार्रवाई क्यों?
रिफाइनरी हादसे पर उठाए सवाल
पचपदरा रिफाइनरी को लेकर डोटासरा ने कहा कि यह परियोजना कांग्रेस की सोच थी और सोनिया गांधी ने इसका शिलान्यास किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें समय नहीं मिला, जबकि यदि परियोजना पहले शुरू हो जाती तो मौजूदा संकट में मदद मिलती।
हादसे पर उन्होंने इसे “गंभीर चूक” बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अंदर होते और बाहर लाखों लोग होते, उस समय हादसा हो जाता तो हम मुंह दिखाने लायक नहीं रहते। उन्होंने मांग की कि यह दुर्घटना थी या साजिश, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।
पढ़ें- Jaipur: फर्जी वोटिंग का आरोप और फिर बवाल, जयपुर हाईकोर्ट बूथ पर क्या हुआ ऐसा कि रद्द करना पड़ा मतदान?
वहीं, महिला आरक्षण के मुद्दे पर डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सफाई नहीं दे रही, बल्कि भाजपा को घेर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मौजूदा कानून को लागू करने के बजाय नए संशोधन लाकर भ्रम फैला रही है।
डोटासरा ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए दावा किया कि लाखों मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को मतदान का अधिकार देता है और इस तरह की कार्रवाई चिंता का विषय है।
डोटासरा ने पंचायतीराज चुनावों को लेकर उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद ओबीसी आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई और चुनाव टाले जा रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की कि ओबीसी डेटा सार्वजनिक कर संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार चुनाव कराए जाएं।
पश्चिम बंगाल चुनाव पर किया यह दावा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर डोटासरा ने कहा कि भाजपा पूरी ताकत लगा रही है, लेकिन राज्य में फिर से तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को भी वहां अच्छा समर्थन मिल रहा है।