शिल्पकार डॉ. इकबाल सक्का ने बनाया दुनिया का सबसे छोटा जगन्नाथ रथ
- फोटो : अमर उजाला
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय शिल्पकार डॉ. इकबाल सक्का ने महज 1×1 सेंटीमीटर आकार का सोने-चांदी का जगन्नाथ रथ तैयार किया है। डॉ. सक्का ने इसे दुनिया का सबसे छोटा जगन्नाथ रथ बताते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का दावा किया है। इस अनूठी कलाकृति के माध्यम से उन्होंने कौमी एकता, भाईचारे और भारतीय शिल्पकला का संदेश देने का प्रयास किया है।
डॉ. सक्का ने बताया कि रथ में स्थापित भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा मूंग के दाने से भी छोटी है, जिसे खुली आंखों से स्पष्ट देख पाना संभव नहीं है। प्रतिमा को देखने के लिए लेंस की आवश्यकता होती है। रथ में एक सेंटीमीटर का चांदी का मंदिर, एक मिलीमीटर का कलश और मंदिर के शिखर पर केसरिया ध्वज भी लगाया गया है, जिस पर सूक्ष्म रूप से 'ॐ' अंकित किया गया है। इसके अलावा रथ के आगे एक सेंटीमीटर का चांदी का घोड़ा भी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस कलाकृति को तैयार करने में लगभग 7 ग्राम चांदी और 300 मिलीग्राम सोने का उपयोग किया गया। रथ को बनाने में लगातार 36 घंटे का समय लगा।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: दो इंच बारिश ने खोली निर्माण कार्यों की पोल, मानसरोवर में सड़क का 20 फीट हिस्सा धरती में समाया
डॉ. सक्का का दावा है कि इससे पहले ओडिशा के भुवनेश्वर के एक कलाकार द्वारा 3×2 सेंटीमीटर का जगन्नाथ रथ बनाया गया था, जो इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है। उनका कहना है कि 1×1 सेंटीमीटर का रथ बनाकर उन्होंने इस श्रेणी में नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा पेश किया है।
डॉ. सक्का ने इस विशेष रथ को पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर को भेंट करने का निर्णय लिया है। इसके लिए उन्होंने श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद वे स्वयं पुरी जाकर यह कलाकृति मंदिर को समर्पित करेंगे। डॉ. इकबाल सक्का का दावा है कि उनके नाम पहले से 211 विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं और वे अपनी सूक्ष्म शिल्पकला के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखते हैं।