उदयपुर पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाश
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के उदयपुर संभाग में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। आईजी अजय पाल लांबा के निर्देश पर संभाग के सभी छह जिलों में चले अभियान के तहत पुलिस ने 2,144 बदमाशों को गिरफ्तार किया। मामले पर जानकारी देते हुए आईजी लांबा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जिला एसपी के नेतृत्व में 594 टीमों का गठन किया गया। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमों ने एक साथ 2,083 ठिकानों पर दबिश दी।
अपनी कार्रवाई में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, अवैध खनन, स्थाई वारंटी, हार्डकोर क्राइम में शामिल 2,144 बदमाशों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने 127 वाहनों को भी जब्त किया। अभियान में सबसे ज्यादा 848 गिरफ्तारियां बांसवाड़ा जिले में और सबसे कम राजसमंद जिले में 92 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। आईजी लांबा ने बताया कि आने वाले समय में भी इस तरह के अभियान लगातार चला कर बदमाशों की धरपकड़ की जाएगी।