उदयपुर में जिप लाइन पर 70 फीट ऊपर फंसे गुजरात के दो टूरिस्ट
- फोटो : अमर उजाला
लेकसिटी उदयपुर में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब जिप लाइन राइड के दौरान दो पर्यटक करीब 70 फीट ऊंचाई पर हवा में फंस गए। घटना दूधतलाई स्थित पिछोला झील किनारे संचालित जिप लाइन की है, जहां दोनों पर्यटक करीब ढाई मिनट तक हवा में लटके रहे। मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
630 मीटर लंबी जिप लाइन पर फंसे पर्यटक
गुजरात से आए चार दोस्त- सुनील, अल्पेश, ऋत्विक और सुमित दूधतलाई स्थित जिप लाइन राइड का आनंद लेने पहुंचे थे। दीनदयाल पार्क से माणिक्यलाल वर्मा पार्क तक संचालित 630 मीटर लंबी जिप लाइन पर दो-दो के समूह में उन्हें भेजा गया था। इसी दौरान एक समूह गंतव्य से करीब 20 मीटर पहले अचानक तेज हवा चलने के कारण बीच में ही रुक गया।
70 फीट ऊपर फंसने पर मदद के लिए लगाई गुहार
ऊंचाई पर फंसने से दोनों पर्यटक घबरा गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई और कुछ ही मिनटों में दोनों को सुरक्षित वापस प्रारंभिक प्वाइंट पर ले आई। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पर्यटक जिप लाइन के बीच हवा में लटके दिखाई दे रहे हैं।
संचालक ने बताई रुकने की वजह
जिप लाइन संचालक शरद अग्रवाल ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव और तेज हवा के कारण यह स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि ऐसी आपात परिस्थितियों के लिए रेस्क्यू टीम हमेशा तैयार रहती है और नियमित रूप से मॉकड्रिल भी कराई जाती है। गुरुवार को रेस्क्यू प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया।
टूरिस्टों का पसंदीदा आकर्षण बनी जिप लाइन
गौरतलब है कि दूधतलाई क्षेत्र में यह जिप लाइन 14 अक्टूबर 2025 को शुरू की गई थी। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। प्रति यात्री 400 रुपये शुल्क वाली इस राइड का टूरिस्ट सीजन में विशेष आकर्षण रहता है। उदयपुर में दूधतलाई, पिछोला झील, चीरवा-अंबेरी क्षेत्र के जैव विविधता पार्क और फूलों की घाटी में भी जिप लाइन गतिविधियां संचालित की जाती हैं।
यह भी पढ़ें:
राजस्थान सामान्य पात्रता परीक्षा की तिथियां घोषित, अक्तूबर-दिसंबर में होगा आयोजन
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था और मौसम संबंधी सतर्कता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि समय रहते किए गए रेस्क्यू ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।