फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओढ़नी ओढ़ाकर होलिका पूजन: उदयपुर के सिटी पैलेस में राजसी अंदाज में जली होलिका, गूंजी गैर की थाप

Tue, 03 Mar 2026 07:41 AM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

सार

उदयपुर के सिटी पैलेस के माणक चौक में राजसी ठाठ से होलिका दहन हुआ। डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन कर अग्नि प्रज्वलित की और मेवाड़ की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।

विज्ञापन
होलिका दहन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लेक सिटी उदयपुर में मेवाड़ की ऐतिहासिक धरोहर सिटी पैलेस के माणक चौक में होलिका दहन का आयोजन पारंपरिक राजसी वैभव के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ राजसी वेशभूषा में अपने लवाजमे के साथ पहुंचे, जहां पैलेस गार्ड ने उन्हें औपचारिक सलामी दी।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत होलिका पूजन किया गया। डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने होलिका को ओढ़नी ओढ़ाई, पुष्पमाला अर्पित की और श्रीफल चढ़ाकर प्रदेश एवं मेवाड़ की सुख-शांति, समृद्धि और उन्नति की कामना की। इसके बाद राजपरिवार के सदस्यों के साथ परिक्रमा कर शुभ मुहूर्त में अग्नि प्रज्वलित की गई।

विज्ञापन


पढ़ें: श्री गोविंददेवजी मंदिर में पुष्पों और गुलाल की होली, भक्ति रस में डूबा मंदिर परिसर

इस अवसर पर मेवाड़ अंचल के विभिन्न मंदिरों और मठों से पधारे साधु-संतों व महंतों का विशेष सम्मान किया गया। उन्हें माल्यार्पण कर श्रीफल भेंट किए गए। संत-महंतों ने मेवाड़ की खुशहाली के लिए आशीर्वचन दिए और पारंपरिक रूप से “आसका” प्रदान किया।

महोत्सव के दौरान पारंपरिक ‘गैर’ नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। लोक कलाकारों ने ढोल की थाप पर मेवाड़ी संस्कृति की जीवंत झलक पेश की। उपस्थित जनसमूह फुल-फाग खेलते हुए होली के रंगों में सराबोर नजर आया। राजसी परंपरा और लोक संस्कृति के अद्भुत संगम ने माणक चौक को उत्साह, श्रद्धा और उमंग से भर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें