ट्रोले की टक्कर से टूटी दीवार और मौके पर पड़े शव।
- फोटो : amar ujala
राष्ट्रीय राजमार्ग -76 पर उदयपुर और गोगुंदा के बीच उदयपुर शहर से करीब पन्द्रह किलोमीटर दूर घसियार गांव में रविवार को सड़क हादसे में तीन जनों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, गोगून्दा की तरफ से आ रहा एक ट्रोला बेकाबू होकर श्रीनाथ जी मंदिर के सामने रेस्टोरेन्ट में घुस गया। इससे वहां चाय—नाश्ता कर रहे तीन युवकों की मौत हो गई। सभी मृतक नाथद्वारा निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जबरदस्त था कि तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई । मृतकों के अलावा 2-3 जने घायल भी हो गए। सुखेर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी शवों को अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर, घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया। उनका कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-76 का उदयपुर-माउंट आबू खण्ड हादसों का राजमार्ग बन चुका है। सरकार लोगों को बचाने के लिए यहां पर कोई व्यस्था नहीं कर रही है। इस मार्ग पर सर्विस लेन का प्रावधान भी कुछ चिह्नित क्षेत्रों में ही है। इससे कभी भी बड़े हादसे हो जाते हैं।