उदयपुर जिले के गोगुन्दा में गणगौर का मेला तीन दिन तक आयोजित होता है। इस मेले की ख्याति यहां आसपास काफी है लेकिन, इस बार मेले में जो कुछ हुआ उसे शायद ही लोग भुला पाएंगे।
यहां चौगान में ये मेला गुरुवार से शुरु हुआ। शुक्रवार अलसुबह यहां बदमाशों का कहर टूटा पड़ा। एक के बाद एक आधा दर्जन वारदातें हुईं। मेले में सुबह करीब पांच बजे बदमाश एक महिला की नथ नाक में से ही तोड़ ले गए। महिला लहूलुहान हो गई।
थोड़ी देर बाद एक बाइक चोरी की सूचना भी पुलिस को मिली। उसके बाद यहां दुकानदारों की शिकायत आई कि उनकी दुकानों में चोरों ने हाथ साफ किए हैं। किसी ने इन बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की तो ये धारदार हथियार लेकर सामने हो गए। कुछ पर वार भी किया।
पूरे मेले में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ितों ने गोगुन्दा थाने मे रिपोर्ट दर्ज करवाई हैं। गोगुन्दा थानाधिकारी भंवर सियाग ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से मेले में अतिरिक्त जाब्ते की व्यवस्था की गई है।