जोधपुर की डांगियावास थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने बिसलपुर गोशाला के पास कार्रवाई करते हुए कर्नाटक से चोरी की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी से 378 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जोधपुर की डांगियावास थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने देर रात मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने ग्राम बिसलपुर स्थित गोशाला के पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी से 378 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि तस्करों ने वाहन पर जाली नंबर प्लेट लगा रखी थी और यह गाड़ी कर्नाटक राज्य से चोरी की गई थी।
विज्ञापन
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर तस्करी में इस्तेमाल हो रही थी गाड़ी
थाना अधिकारी राजूराम काला ने बताया कि देर रात नशा तस्करी के संबंध में पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम बिसलपुर गोशाला के पास मुस्तैदी से गश्त कर रही थी। इसी दौरान वहां खड़ी एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर गाड़ी पुलिस की नजर में आई। पुलिस टीम ने वाहन की गहन तलाशी ली तो उसके भीतर से 378 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ।
जांच में कर्नाटक से चोरी होने का खुलासा
पुलिस ने वाहन के कागजात और नंबर प्लेट की जांच की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। जांच में पता चला कि फॉर्च्यूनर कर्नाटक राज्य से चोरी की गई थी। तस्करों ने चोरी की इस गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी और इसका इस्तेमाल मादक पदार्थ की तस्करी के लिए किया जा रहा था।
नशा तस्करों के खिलाफ दो महीने में तीसरी बड़ी कार्रवाई
डांगियावास पुलिस की ओर से पिछले दो महीनों के भीतर नशा तस्करों के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस ने इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, मौके से फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।