उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में मतदान खत्म होते ही भाजपा ने अपने सभी प्रत्याशियों को एकजुट करना शुरू कर दिया है। पार्टी ने 100 फीट रोड स्थित एक होटल में 80 पार्षद प्रत्याशियों को बुलाया है। बैठक के बाद देर रात प्रत्याशियों को बसों के जरिए उदयपुर से बाहर ले जाने की तैयारी है। पार्टी इसे प्रशिक्षण बैठक बता रही है, जबकि इसे चुनाव बाद की संभावित बाड़ेबंदी से जोड़कर देखा जा रहा है।
उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में मतदान संपन्न होने के बाद अब राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को लेकर रणनीति बनानी शुरू कर दी है। मतदान के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने सभी 80 वार्डों के प्रत्याशियों को एक होटल में एकत्र करना शुरू कर दिया है। शहर के 100 फीट रोड स्थित एक होटल में भाजपा के पार्षद प्रत्याशी एक-एक कर पहुंचे हैं।
विज्ञापन
प्रशिक्षण बैठक के नाम पर होटल में जुटे प्रत्याशी
उदयपुर में पार्टी की ओर से प्रत्याशियों को प्रशिक्षण बैठक के नाम पर होटल बुलाया गया है। हालांकि, मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों को एक जगह एकत्र किए जाने को भाजपा की चुनावी रणनीति और संभावित बाड़ेबंदी से जोड़कर देखा जा रहा है।
दो-दो बैग लेकर होटल पहुंचे प्रत्याशी
होटल पहुंच रहे भाजपा के अधिकांश पार्षद प्रत्याशी अपने साथ दो-दो बैग लेकर पहुंचे। पार्टी की योजना के अनुसार होटल में सभी प्रत्याशियों के साथ पहले बैठक की जाएगी। इसके बाद देर रात उन्हें बसों के जरिए उदयपुर से बाहर किसी अन्य स्थान पर ले जाया जा सकता है।
विज्ञापन
अलग-अलग समूहों में ठहराने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, प्रत्याशियों को अलग-अलग स्थानों पर ठहराने की रणनीति बनाई गई है। इसके लिए पार्टी ने ग्रुप लीडर भी तय किए हैं। ये ग्रुप लीडर संबंधित पार्षद प्रत्याशियों के समूह के साथ रहेंगे और उन्हें निर्धारित स्थान तक लेकर जाएंगे।
वार्डवार फीडबैक लेकर बनेगी आगे की रणनीति
होटल में भाजपा सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक करेगी। इस दौरान प्रत्येक वार्ड की स्थिति को लेकर वार्डवार फीडबैक लिया जाएगा। मतदान का रुझान, पार्टी प्रत्याशी की स्थिति और कड़े मुकाबले वाले इलाकों समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा होगी। इसके बाद आगामी रणनीति को लेकर प्रत्याशियों को दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।
'60 से ज्यादा वार्ड जीतेंगे'
उदयपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने दावा किया कि भाजपा नगर निगम के 80 में से 60 से ज्यादा वार्डों में जीत दर्ज करेगी और ऐतिहासिक बहुमत के साथ नगर निगम में बोर्ड बनाएगी। मतदान खत्म होने के बाद प्रत्याशियों को एकजुट रखने की भाजपा की यह कवायद उदयपुर की सियासत में चर्चा का विषय बन गई है।