श्रीगंगानगर जिले में लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास दो देशी कट्टे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुकलावा थाना पुलिस के अनुसार देर रात गश्त के दौरान बस स्टैंड छह एम क्षेत्र में होंडा सिटी कार में सवार दो लोग घूम रहे थे। संदिग्ध लगने पर उन्हें रोक कर कार की तलाशी ली गई तो उसमे से दो कट्टे और कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ कल्याण सिंह पुत्र महेंद्र सिंह (28) और जगजीत सिंह उर्फ निक्कू पुत्र पाला सिंह (23) शाहपीनी थाना संगरिया के रहने वाले हैं।
श्रीगंगानगर एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ में कहा कि वे रात के समय नरमा की फसल को बेच कर लौट रहे किसान और राहगीरों को लूटने की फिराक में घूम रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से कई थानों में केस दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदात के बारे में भी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।