एक पुलिसकर्मी और बदमाश गंभीर घायल
- फोटो : अमर उजाला
धौलपुर के सरमथुरा थाना क्षेत्र में एनएच-11 बी पर खरेर नदी के पास शनिवार को नाकाबंदी कर रही पुलिस टीम को बाइक सवार दो बदमाशों ने टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस कांस्टेबल राधेश्याम गंभीर घायल हुआ है। वहीं, एक बदमाश भी हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गया। हादसे के बाद दूसरे बदमाश ने मौके से भागने का भी प्रयास किया। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बदमाश को घेराबन्दी कर दबोच लिया। दोनों बदमाश करौली के मासलपुर से नाकाबन्दी तोड़कर भाग रहे थे।
सीओ सुरेश डाबरिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के निर्देश शनिवार को एमपी एक्स एवं सुदर्शन चक्र अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस टीम द्वारा एनएच-11 बी पर खरेर नदी के पास नाकाबंदी कराई गई थी। पुलिस द्वारा बदमाशों की धरपकड़ के लिए वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। नाकाबंदी के दौरान दो बाइक सवार युवक करौली की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे थे। पुलिस टीम ने अवरोधक लगाकर दोनों युवकों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन दोनों युवकों ने बाइक को धीमा नहीं किया।
तेज रफ्तार में कांस्टेबल राधेश्याम को टक्कर मार दी। दुर्घटना में राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान एक बदमाश भी घायल हुआ है। दूसरे बदमाश ने मौके से भागने का भी प्रयास किया। लेकिन पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से घेराबंदी कर दबोच लिया। सीओ ने बताया, दोनों युवक करौली जिले के रहने वाले हैं। जिन्होंने अपने नाम केशराम पुत्र श्रीफूल निवासी भांकरी करौली एवं शिवकुमार पुत्र लाजपति भांकरी करौली निवासी हैं। घायल कॉन्स्टेबल एवं बदमाश को सर मथुरा राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है। दोनों को घायल अवस्था में उपचार किया जा रहा है। हिरासत में लिए गए युवक से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
मासलपुर पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर हुए थे फरार...
सीओ ने बताया दोनों युवक करौली जिले के मासलपुर थाना इलाके से नाकाबंदी को तोड़कर एनएच 11बी पर फरार हुए थे। उन्होंने बताया मासलपुर थाना पुलिस ने फरार बदमाशों की लोकेशन से अवगत कराया था। मासलपुर थाना पुलिस की सूचना पर नाकाबंदी को सघन किया गया था। उन्होंने बताया दोनों युवकों का करौली पुलिस से संपर्क कर आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। अनुसंधान में दोनों युवकों के खिलाफ संगीन मुकदमे निकल सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।