नागौर जिले के परबतसर में 29 अगस्त को सोनी की दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण लेकर जाने वाले मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर माल भी बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया, दोनों बावरिया गैंग के सदस्य हैं, इसमें एक आरोपी जयपुर पुलिस का इनामी बदमाश है।
बता दें कि परबतसर थाने के तहत आने वाले बड़ला बालाजी में कन्हैयालाल सोनी की दुकान है, जिसमें सोने-चांदी की चोरी हुई थी। कन्हैयालाल ने परबतसर थाने में चोरी का मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट में बताया, बड़ला बालाजी के पास स्थित बैंक वाली गली में उनकी दुकान है। 29 अगस्त की रात को वह अपनी दुकान बंदकर घर गए, सुबह आकर देखा तो दुकान का ताला टूटा हुआ था। दुकान में से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
मामला दर्ज होने के बाद परबतसर पुलिस ने अलग-अलग टीम गठित की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। कार्रवाई में पुलिस ने बावरिया गैंग के जयपुर में चाकसू निवासी सोनू हाल सिंकदरा और दौसा जिले के निवासी दीपू बावरिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से 137 चांदी की अंगुठियां, एक चांदी की मूर्ति, 72 चांदी की बिछिया बरामद कर ली। पुलिस ने बताया, पकड़े गए दोनों आरोपियों में से एक आरोपी सोनू बावरिया जो कि जयपुर पुलिस का इनामी बदमाश है।