झुंझुनू जिले की नवलगढ़ पुलिस ने मोबाइल फोन की दुकान से करीब 50 लाख की चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो आरोपियों को हर्ष की पहाड़ी सीकर से दस्तयाब किया है।
नवलगढ़ सीआई विनोद सांखला की टीम ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर आरोपी कैरू निवासी अंकित और डूंडलोद निवासी अमन को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी भेश बदलकर सीकर की हर्ष की पहाड़ियों में रहे थे। फिलहाल दोनों आरोपियों से पुलिस माल बरामदगी के प्रयास कर रही है। पांच जुलाई को व्यापारी सुरेश सिंगड़ की दुकान की दीवार तोड़कर चोरी को अंजाम दिया था और करीब 50 लाख रुपये के मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे।
चोरी की बाइक से दिया था वारदात को अंजाम
चोर नवलगढ़ में इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए भी चोरी की बाइक से ही आए थे। पुलिस ने बताया कि चोरों ने वारदात करने से पहले सीकर इलाके से एक बाइक चोरी की थी। उसके बाद यह नवलगढ़ आए और चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया।