युवक के साथ लूट और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में थाना सलूम्बर पुलिस ने तीन नामजद आरोपी पदम सिंह पुत्र गुमान सिंह, नाथू सिंह पुत्र अनाड़ सिंह निवासी धारोद एवं महेंद्र सिंह पुत्र रूप सिंह निवासी जावद फला थाना सलूम्बर को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी विकास शर्मा ने बताया कि शनिवार को गोपाल सिंह निवासी गुड थाना सलुम्बर ने रिपोर्ट पेश की कि उसके भाई मनोहर सिंह की आटे-साटे में शादी गांव खोडाव में कराने की बातचीत चल रही थी। रिश्ते की बात फाइनल नहीं हो सकी। इस पर मेरे भाई मनोहर सिंह ने लड़की के कहने पर कोर्ट मैरिज करने वाला था, जिसके लिए उसने अपने हिस्से की जमीन गिरवी रखी थी।
29 जनवरी की रात उसके भाई मनोहर सिंह के साथ सलुम्बर बाईपास पर लड़की के रिश्तेदार नाथु सिंह, पदम सिंह एवं महेन्द्र सिंह ने मारपीट कर 80,000 रुपये व मोबाइल छीन लिया। घायल अवस्था में घर पर पटक कर चले गए। इसके बाद लगातार भाई को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। इस वजह से शनिवार को उसके 23 वर्षीय भाई ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
एसपी शर्मा के निर्देशानुसार थानाधिकारी सलुम्बर लीलाधर मालवीय मय टीम द्वारा प्रकरण में पदम सिंह, नाथु सिंह ओर महेन्द्र सिंह को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। लूटी गई राशि और मोबाइल फोन इत्यादि के बरामदगी के लिए अग्रिम अनुसंधान जारी है।