टोंक जिले के मालपुरा में होटल के कमरे में युवक-युवती के बीच झगड़ा खूनी रूप ले बैठा। युवक ने युवती की धारदार हथियार से हत्या कर खुद आत्महत्या का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग में विवाद का बताया जा रहा है।
जिले के मालपुरा शहर स्थित एक होटल में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब होटल के एक कमरे में युवक-युवती के बीच झगड़े के बाद धारदार हथियार से युवती की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार दोनों युवक-युवती टोंक जिले के डिग्गी कस्बे के निवासी बताए जा रहे हैं। होटल स्टाफ के अनुसार कमरे से अचानक चीख-पुकार और झगड़े की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मालपुरा थानाधिकारी चैनाराम बेड़ा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो युवती खून से लथपथ मृत अवस्था में पाई गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल था। घायल युवक को तुरंत मालपुरा जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सालय रैफर किया गया।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद हत्या और आत्महत्या के प्रयास का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने होटल रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। वारदात से इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।