टोंक जिले में रविवार को किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश सरकार और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा पर जमकर निशाना साधा। टोंक में राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर स्थित किसान महापंचायत के राष्ट्रीय महासचिव अकबर खान के कार्यालय में आयोजित इस संवाददाता सम्मेलन में रामपाल जाट ने कहा कि प्रदेश के किसान लगातार संकट झेल रहे हैं, लेकिन सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को न तो फसल का पूरा दाम मिल रहा है, न सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी और न ही युवाओं को रोजगार। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि चाहे सरकार किसी भी पार्टी की हो, किसानों के लिए केवल बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, जमीन पर कुछ नहीं उतरता।
यह भी पढ़ें- Barmer: जमीन धंसने और खेतों में दरारों की शिकायत पर आगे आए सांसद उम्मेदाराम, नागाणा में किया स्थलीय निरीक्षण
किरोड़ी लाल मीणा के छापों पर उठाए सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा द्वारा नकली खाद के गोदामों पर मारे गए छापों को लेकर भी रामपाल जाट ने तीखा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि छापे तो मार दिए, मिलावट करने वाले एक्सपोज भी हो गए। लेकिन सवाल यह है कि क्या उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई? रामपाल जाट ने इस पूरे मामले को महज एक राजनीतिक स्टंट करार दिया और कहा कि असली लड़ाई तो किसानों के हक के लिए होनी चाहिए।
‘अकेले रह गए मीणा, तो संघर्ष की परंपरा क्यों नहीं छोड़ी?’
रामपाल जाट ने डॉ. मीणा के उस बयान पर भी चुटकी ली जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं अकेला रह गया हूं। जाट ने इस पर तंज कसा कि आप इतने लंबे समय से राजनीति में हैं, फिर भी अपने पीछे संघर्ष की परंपरा वाला कोई दूसरा नेतृत्व क्यों नहीं तैयार कर पाए? उन्होंने कहा कि जनता अब सिर्फ छापों से संतुष्ट नहीं होगी, उसे परिणाम और कार्रवाई चाहिए।
सरकार को दिया न्यौता, एमएसपी कानून लेकर आएं
रामपाल जाट ने इस दौरान सरकार को खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि आगामी छह अक्तूबर को जयपुर में आयोजित होने वाली किसान हुंकार रैली में यदि सरकार का कोई विधायक या मंत्री शामिल होना चाहता है तो वह एमएसपी कानून का समर्थन पत्र लेकर आए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह आंदोलन किसी दल के खिलाफ नहीं, बल्कि किसानों के अधिकारों के लिए है।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: ‘हर बार CM भगवान कृष्ण से प्रार्थना करते हैं तो भारी बारिश होती है’, मंत्री के बयान पर बवाल
किसान हुंकार रैली में गूंजेगी मांगों की आवाज
रामपाल जाट ने कहा कि छह अक्तूबर की रैली में राजस्थान के कोने-कोने से हजारों की संख्या में किसान जुटेंगे और केंद्र व राज्य सरकार के सामने अपनी मुख्य मांगें रखेंगे। उन्होंने बताया कि रैली के माध्यम से फसलों के वाजिब दाम, सिंचाई सुविधा और युवाओं को रोजगार जैसी मूलभूत मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार सच में किसानों की हितैषी है, तो वह रैली में आकर अपने इरादों का सबूत दे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किसान महापंचायत के राष्ट्रीय महासचिव अकबर खान और युवा प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने भी किसानों की वर्तमान स्थिति पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि किसानों की लड़ाई को सड़कों से संसद तक ले जाया जाए।