राजस्थान हाईकोर्ट ने कोटा स्थित डीसीएम मार्ग पर लगभग 271 एकड़ औद्योगिक भूमि की सात लीज डीड निरस्त करने के जिला कलेक्टर के आदेश को पूरी तरह सही माना है। उच्च न्यायालय ने विशेष अपीलों को खारिज करते हुए एकलपीठ के फैसले को बरकरार रखा है।
मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल और न्यायाधीश समीर जैन की खंडपीठ ने अरफात पेट्रोकेमिकल्स प्रा. लि. द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। खंडपीठ ने अपने फैसले में माना कि औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने और पूर्व कर्मचारियों के पुनर्वास से जुड़ी अनिवार्य शर्तों का पालन नहीं किया गया। अदालत ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक उद्देश्य के लिए आवंटित सरकारी जमीन का इस्तेमाल निजी व्यावसायिक हितों के लिए नहीं किया जा सकता। सुप्रीम कोर्ट से मिली छूट लीज की मूल शर्तों से बचने का आधार नहीं बन सकती।
लीज निरस्त करने का आदेश बरकरार
राज्य सरकार ने कोटा के लघु औद्योगिक क्षेत्र में जेके सिंथेटिक्स लि. को वर्ष 1958 और 1965 में 99 वर्ष की लीज पर कुल 271 एकड़ जमीन आवंटित की थी। कंपनी के घाटे में चले जाने के कारण वर्ष 1998 में आधिकारिक रूप से बीमार औद्योगिक इकाई घोषित किया गया। इसके बाद परिसर के पुनरुद्धार तथा कर्मचारियों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान, अरफात पेट्रोकेमिकल्स प्रा. लि. ने 15 करोड़ रुपये देने और 4,197 श्रमिकों की देनदारियां चुकाने का जिम्मा स्वीकार करते हुए कोटा कॉम्प्लेक्स का अधिग्रहण करने का समझौता किया था।
औद्योगिक एवं वित्तीय पुनर्निर्माण के लिए गठित अपीलीय प्राधिकरण ने वर्ष 2005 में पुनर्वास योजना को मंजूरी दी थी। इसके बाद 17 मार्च, 2007 को जिला कलेक्टर ने कंपनी के पक्ष में नायलॉन, एक्रिलिक और पॉलिएस्टर सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के लिए सात अलग-अलग लीज डीड निष्पादित कीं। लीज की शर्तों में साफ प्रावधान था कि यदि शर्तों का उल्लंघन होता है तो पूरी जमीन वापस राज्य सरकार में निहित हो जाएगी।
शर्तों के उल्लंघन पर सख्त रुख
अदालत के समक्ष प्रस्तुत तथ्यों के अनुसार कंपनी ने सात में से केवल एक प्लांट शुरू किया था और वह भी अक्तूबर 2007 में आग लगने के बाद बंद हो गया। पूर्व कर्मचारियों की देनदारियों और उनके पुनर्नियोजन से संबंधित शर्तें भी पूरी नहीं की गईं। कंपनी ने भूमि के निर्धारित औद्योगिक उपयोग के बजाय उस पर जन आवास योजना तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति प्राप्त करने का प्रयास किया।
कंपनी ने रीको के माध्यम से जमीन के व्यावसायिक रूपांतरण की कोशिश भी की, परंतु राज्य सरकार ने संबंधित आदेश निरस्त कर दिए। वहीं उच्चतम न्यायालय ने रीको की ओर से दी गई अनुमति रद्द करते हुए स्पष्ट किया था कि जमीन का मालिकाना हक राज्य सरकार के पास ही रहेगा। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कंपनी को राजस्थान इंडस्ट्रियल एरिया अलॉटमेंट रूल्स, 1959 के तहत जमीन के रूपांतरण के लिए नया आवेदन करने की छूट दी थी।
पर्यटन नीति का प्रस्ताव भी खारिज
कंपनी ने राज्य की पर्यटन नीति के तहत जमीन पर दो होटल और रिसॉर्ट बनाने का नया प्रस्ताव दिया और इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने की बात कही। लेकिन, जिला कलेक्टर ने 7 मार्च, 2025 को कंपनी के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। 24 जून, 2025 को सातों लीज डीड निरस्त कर जमीन को पुनः राज्य सरकार में निहित करने का आदेश जारी किया गया।