टोंक में आरएसी नौवीं बटालियन परिसर में 54 वर्षीय हेड कांस्टेबल हीरालाल ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
जिला मुख्यालय स्थित राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) नौवीं बटालियन परिसर में तैनात हेड कांस्टेबल ने रविवार सुबह पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान झुंझुनूं जिले के खेतड़ी थाना क्षेत्र स्थित दुदवा निवासी 54 वर्षीय हीरालाल के रूप में हुई है। वह टोंक में आरएसी में कार्यरत थे।
विज्ञापन
रविवार सुबह उनके साथियों को लगी। उन्होंने तुरंत अपने कमांडेंट को इस संबंध में सूचित किया। इसके बाद कमांडेंट ने मौके पर पहुंचकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा और कोतवाली थाना प्रभारी भंवर लाल वैष्णव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
आरएसी नौवीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट महेश चंद और कोतवाली थाना प्रभारी भंवर लाल वैष्णव ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हीरालाल बीती रात बैरक में अपने अन्य साथियों के साथ सोए थे। रविवार सुबह 6:30 बजे वह आरएसी नौवीं बटालियन परिसर में स्थित एक पेड़ पर गले में रस्सी का फंदा लगाकर लटके मिले।
कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस और आरएसी बटालियन के अधिकारियों ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। मृतक के दो बेटे हैं। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और इसके बाद शव उन्हें सौंपा जाएगा। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कारण हैं या कोई अन्य वजह, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।