टोंक जिले के उनियारा में पानी की समस्या को लेकर खेड़ली के लोगों ने नगरफोर्ट स्टेट हाइवे को जाम कर दिया। जाम लगाने पहुंचे ग्रामीणों ने कंटीली झाड़ियों और अन्य अवरोधों के साथ रास्ता जाम कर दिया और सड़क पर बैठ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि कागजों में बीसलपुर पेयजल योजना से संपूर्ण गांव में पेयजल सप्लाई होना बताया जा रहा है लेकिन हालात अलग ही असलियत बयां कर रहे हैं। हाईवे पर जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना के बाद नगरफोर्ट तहसीलदार नन्दलाल ढिढारिया जाम स्थल पर पंहुचे तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने लोगों को पेयजल समस्या का त्वरित निराकरण का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। उनियारा पुलिस उपाधीक्षक सलेह मोहम्मद ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से पानी की समस्या को लेकर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।