अगर आप सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं तो तम्बाकू से दूरी बना लीजिए। हो सकता है कि तंबाकू खाने वालों को भविष्य में नौकरी ही न मिले। राजस्थान में इस संबंध में प्रस्ताव बनाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए कर्मचारियों से तंबाकू न खाने से संबंधित अंडरटेकिंग ली जा सकती है।
राज्य में राजकीय सेवाओं में आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों से तंबाकू पदार्थों का सेवन नहीं करने व भविष्य में भी इनसे दूर रहने की अंडरटेकिंग लेने पर विचार किया जा रहा है। अतिरिक्त मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण वी.एस.सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को तंबाकू नियंत्रण की राज्य स्तरीय समन्वय समिति की पहली बैठक में इस पर चर्चा की गई।
अधिकारियों के अनुसार बैठक के मिनिट्स में इसके आने के बाद प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भिजवाया जायेगा। इसके अतिरिक्त बच्चों में जागरूकता लाने के लिए तंबाकू के हनिकारक प्रभावों को पाठ्यसामग्री में शामिल किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त वी.एस.सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी सार्वजनिक स्थानों और राजकीय कार्यालयों में तंबाकू नियंत्रण कानून का सख्ती से पालन होगा। कानून का पालन करने वाले के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। राजस्थान में इस साल अब तक 7280 चालान किये जा चुके है और इनसे लगभग चार लाख रूपये की वसूली हो चुकी है।