रणथंभौर टाइगर रिजर्व में इलाके को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दो भाइयों ने एक-दूसरे को बुरी तरह घायल कर दिया। दरअसल, रणथंभौर की आरओपीटी रेंज के जोन नंबर चार में बाघ टी 120 व टी 121 के बीच इलाके को लेकर आपस में संघर्ष हो गया। आपसी संघर्ष में बाघ टी 121 बुरी तरह घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक बाघ टी 120 व टी 121 दोनों भाई हैं लेकिन जंगल के नियमों के मुताबिक इलाके को लेकर दोनों भाइयों में आपस भिड़ंत हो गई। जमकर हुए इस आपसी संघर्ष में बाघ टी 121 अपने भाई के आगे कमजोर पड़ गया और घायल हो गया। भ्रमण के लिए पर्यटकों लेकर गए नेचर गाइडों ने बाघ को घायल अवस्था में देखकर वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
वन विभाग के अधिकारियों ने सूचना मिलने पर बाघ की मॉनिटरिंग बढ़ा दी है। घायल बाघ के चेहरे एवं आगे के पैरों में घाव हो गया है। इसके लिए वन विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर घायल बाघ टी 121 की मॉनिटरिंग की जा रही है।
गौरतलब है कि रणथंभौर में इलाके को लेकर पूर्व में भी कई मर्तबा बाघों के बीच टकराव हो चुका है। फिलहाल वन विभाग बाघ पर नजरें बनाए हुए है।