विधानसभा चुनाव के समय से ही राजस्थान में कांग्रेस के लिए संकट भरा समय चल रहा है। ऐसे हालातों में अधिक सीट जीतने के लिए सही उम्मीदवारों के चयन को लेकर कांग्रेस में भारी असमंजस चल रहा है।
इन सीटों में जयपुर की शहर व ग्रामीण सीट भी शामिल है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी के प्रमुख नेता फिलहाल जयपुर शहर व ग्रामीण, भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक-सवाईमाधोपुर, दौसा, जोधपुर, जालौर-सिरोही, पाली, भरतपुर, चूरू और बांसवाड़ा से प्रत्याशियों के चयन को लेकर असमंजस में चल रहे हैं।
खुद पायलट को लेकर असमंजस
इनमें से दौसा, जालौर-सिरोही और चूरू को छोड़कर शेष सभी सीटों पर कांग्रेस के सांसद हैं। महंगाई से नाराजगी एवं अन्य कारणों के चलते देशभर में चल रहे माहौल से वर्तमान कांग्रेसी सांसद भी खुद की जीत के प्रति आश्वस्त नजर नहीं आ रहे।
इनमें सी.पी जोशी जैसे नेता भी शामिल हैं, जो विधानसभा चुनाव में अपने लोकसभा क्षेत्र से एक भी कांग्रेस उम्मीदवार को जिताने में नाकामयाब रहे।
इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट की सीट को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अजमेर से सांसद पायलट के लिए चर्चाएं चल रही हैं कि वे सीट बदलकर टोंक-सवाईमाधोपुर से चुनाव लडऩा चाह रहे हैं।
कई नए चेहरों की तलाश में कांग्रेस
इसके चलते कांग्रेस को टोंक-सवाईमाधोपुर सीट से सांसद केन्द्रीय मंत्री नमोनारायण मीणा की नई सीट तय किए जाने में परेशानी खड़ी होगी।
पाली से मौजूदा कांग्रेसी सांसद बद्री जाखड़ की जगह किसी और को मौका दिए जाने की बातें चल रही हैं। सूत्रों का कहना है कि पार्टी इस बार यहां से कोई नया चेहरा चुनाव मैदान में उतार सकती है।
इनमें एडवोकेट सोहन चौधरी जो बद्री जाखड़ के ही रिश्तेदार बताए जाते हैं, परसराम मदेरणा की पोती दिव्या मदेरणा और मौजूदा जिला प्रमुख खुशवीर सिंह जोजावर के नाम लिए जा रहे हैं।
होली के बाद होगा ऐलान
कांग्रेस की अगली सूची होली के तुरंत बाद जारी होने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस की ओर से राजसमंद से गोपाल सिंह, झालावाड़ से उर्मिला जैन, श्रीगंगानगर से भरतराम मेघवाल, करौली-धौलपुर से खिलाड़ी लाल बैरवा और नागौर से ज्योति मिर्घा का नाम लगभग तय माना जा रहा है।
कांग्रेस की ओर से अब तक कोटा से इज्याराज सिंह, उदयपुर से रघुवीर मीणा, सीकर से पी.एस. जाट, अलवर से जितेन्द्र सिंह, झुंझुनूं से राजबाला ओला, बीकानेर से शंकर पन्नू, बाड़मेर से हरीश चौधरी, चित्तौडग़ढ़ से गिरिजा व्यास का नाम घोषित हो चुका है।