राजस्थान के बीकानेर जिले में पुलिस ने तीन इरानी युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 अलग-अलग देशों की लगभग 10 लाख रुपये की करेंसी और मादक पदार्थ जब्त किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक आरोपी युवक की तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक योगेश यादव के ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों युवक बीकानेर के एक होटल में रुके हुए थे। तीनों फेक आईडी के जरिए होटल में रुके थे। उनके कब्जे से फर्जी आईडी, अलग-अलग देशों की करेंसी में दस लाख रुपये और नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं।
अब तक की जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी हाथ की सफाई दिखाकर लोगों और व्यापारियों के साथ ठगी करते थे। आरोपियों ने नापासर में एक व्यक्ति के साथ हजारों रुपये की ठगी की थी। पीड़ित के केस दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तीनों इरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि ये तीनों युवक ट्यूरिस्ट वीजा पर घूमने के लिए आये थे। इनका वीजा तीन माह पहले ही खत्म हो गया है। आरोपियों की पहचान होशियार मोहम्मन, सलमान, अहमद जियाही के रूप में हुई है। तबीयत खराब होने पर एक आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी दो अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।