भरतपुर में नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने वाले तीन चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सूने मकान की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस आरोपियों के पास से लाखों रुपये समेत आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि बीते दिनों अटल बंद और सेवर थाना क्षेत्र में हुईं दो चोरियों का पुलिस ने खुलासा किया है। अटल बंद थाना क्षेत्र की इंदिरा नगर कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान से कई लाख रुपए और सोने चांदी के आभूषण पार कर दिए थे। वहीं सेवर थाना अंतर्गत पार्षद विजय भारती के सूने मकान से भी चोरों ने लाखों रुपये और आभूषण चोरी किए थे। दोनों ही घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू थी। सोमवार को पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल तीनों चोरों को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया है। उनके पास से 6 लाख रुपये अधिक की नगदी और सोने चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पकड़े गए तीनों चोरों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि नशे की लत को पूरा करने के लिए यह लोग सूने मकान की रेकी करते थे और उसके बाद चोरी की घटना को अंजाम देते थे।