पुलिसकर्मियों की थाली में ज्वार, बाजरा और रागी की रोटी भी शामिल की जाएगी।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान पुलिस के डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया कि UN ने इस साल को अंतरराष्ट्रीय मिलेटस वर्ष 2023 के रूप में घोषित किया है। इस अभियान को बढ़ावा देने के लिए मिलेट्स पोषक अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, रागी का सेवन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिलों और यूनिट में संपर्क सभा का आयोजन कर जवानों को मिलेट्स यानी पोषक अनाज की खूबियों के बारे में जानकारी देकर इसे भोजन में सम्मिलित करने के लिए मोटिवेट किया जाएगा। पुलिस लाइन और बटालियन मुख्यालय स्थित शॉप में मिलेट्स रखें जाएंगे।
मिलेट्स में पोषक तत्व ज्यादा, प्रोटीन, फाइबर, विटामिन-बी भी भरपूर
मिलेट्स में पोषक तत्वों की मात्रा ज्यादा होने के साथ प्रोटीन, फाइबर, विटामिन बी और खनिजों से भरपूर होने कारण इसे पोस्टिक धान्य भी कहा जाता है। मिलेट्स का भोजन में प्रयोग स्वास्थ्यवर्धक माना गया है।
मिलेट्स राजस्थान की भौगोलिक और पर्यावरणीय परिस्थितियों के भी अनुकूल है और पुलिसकर्मियों के लिए ताकत वाले पोषण से भी भरपूर है। पुलिस कल्याण शाखा के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस बिपिन कुमार पाण्डेय ने इस संबंध में राज्य के सभी जिला एसपी समेत पुलिस ट्रेनिंग सेंटर प्रमुख के लिये निर्देश जारी किए है।