फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जुनैद-नासिर हत्याकांड: भरतपुर में परिजनों से मिले मुख्यमंत्री, 5-5 लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा

Fri, 03 Mar 2023 08:07 AM IST
अर्पित याज्ञनिक न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर

सार

भरतपुर के घाटमीका में जुनैद व नासिर के परिजनों से मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। साथ ही मृतकों की पत्नी और बच्चों को आर्थिक सहायता के तहत पांच-पांच लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
विज्ञापन
सीएम अशोक गहलोत - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को भरतपुर के घाटमीका पहुंचकर हरियाणा में हिंसा का शिकार होकर जान गंवाने वाले जुनैद व नासिर के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री मृतक जुनैद के बच्चों से भी मिले। उन्होंने कहा कि अपहरण और नृशंस हत्या की यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस जघन्य अपराध के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए राजस्थान पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस दौरान परिजनों ने अब तक की गई पुलिस कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और मामले में जल्द न्याय दिलवाने की मांग की।

विज्ञापन


पीड़ित परिवारों को दी जाएगी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवीय दृष्टिकोण से मृतक नासिर और जुनैद की पत्नियों और उनके बच्चों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि इन बच्चों को उचित शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए राज्य सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

हरियाणा पुलिस दिखाए जांच में गंभीरता
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार को इस मामले की जांच में ज्यादा गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बात कर बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द न्याय दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए दोनों राज्यों में डीजीपी स्तर पर भी लगातार बातचीत हो रही है। 
विज्ञापन


केस ऑफिसर स्कीम के तहत होगी मामले की सुनवाई
श्री गहलोत ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित करने के लिए इस हृदयविदारक घटना की जांच केस ऑफिसर स्कीम के तहत की जाएगी। स्कीम के अंतर्गत एक लीगल ऑफिसर को नियुक्त कर आरोपियों को गिरफ्तार करने से लेकर चालान पेश करने और बाकी कानूनी प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सकेगा और इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा त्वरित एफआईआर दर्ज कर केस को आगे बढ़ाया गया। इस जघन्य हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस सक्रियता से कार्य कर रही है।

उल्लेखनीय है कि पीड़ित परिवारों को शिक्षा राज्य मंत्री जाहिदा खान द्वारा 5-5 लाख रुपये एवं पंचायत समिति पहाड़ी द्वारा 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है। साथ ही, दोनों परिवारों को पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत भी अन्तरिम सहायता के रूप में 1.25 लाख रुपये प्रति परिवार उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिसकी स्वीकृति जारी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर दोनों परिवारों को लाभ दिया जाएगा।

इस दौरान पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह, शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान, मेवात विकास बोर्ड के अध्यक्ष जुबेर खान, पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्य सचिव उषा शर्मा, पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा, संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा, एडीजी क्राइम दिनेश एमएन, आईजी गौरव श्रीवास्तव, भरतपुर कलेक्टर आलोक रंजन सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें