जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS)शामिल होने जा रहा है। इस फेस्टिवल में आरएसएस के दो वरिष्ठ प्रचारक मनमोहन वैद्य और दत्तात्रेय होसबोले शामिल होंगे। लिटरेचर फेस्टिवल के वेबसाइट पर मेहमानों की सूची में इन दोनों प्रचारकों का नाम भी शामिल है।
फेस्टिवल के 10 साल के इतिहास में पहली बार आरएसएस प्रचारकों को शामिल किया गया है। बता दें कि पांच दिवसीय फेस्टिवल 19 जनवरी 2017 से 23 जनवरी 2017 तक यहां के डिग्गी पैलेस होटल में आयोजित किए गए हैं।
इस फेस्टिवल में ढाई सौ लेखकों, विचारकों, पत्रकारों समेत सांस्कृतिक जगत की हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। वहीं, फेस्टिवल में हर साल आने वाले अशोक वाजपेयी, उदय प्रकाश और के सच्चिदानंद जैसे लेखकों को इस बार निमंत्रण नहीं दिया गया है। ये वहीं लेखक हैं, जिन्होंने पिछले साल असहिष्णुता के मुद्दे पर अवॉर्ड लौटाने वाले कैंपेन का समर्थन किया था।
मालूम हो कि कन्नड़ लेखक कलबुर्गी की हत्या के बाद लेखक उदय प्रकाश ने साहित्य सम्मान लौटाकर सबसे पहले विरोध की शुरुआत की थी और उनके इस रास्ते पर देश के कई अन्य लेखक भी चल पड़े थे। लेखकों का कहना था कि देश में पनप रहे साप्रदायिक वैमनस्व के विरोध में साहित्य अकादमी द्वारा दिया गया सम्मान लौटा रहे हैं। हालांकि केवल अशोक वाजपेयी और उदय प्रकाश ने ही अवॉर्ड की रकम लौटाई थी । उदय प्रकाश को "मोहनदास" और वाजपेयी को "कहीं नही वही" के लिए अवाॉर्ड मिला था।
आयोजकों ने बताया कि इस बार जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल की थीम हिंदी रहेगी। इस अवसर पर हिंदी के साहित्यकारों को पहले मौका दिया जाएगा।