थाने के बाहर जुटी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के भीलवाड़ा में शुक्रवार को दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। हालांकि, इस दौरान कोई भी विवाद नहीं हुआ। पुलिस ने तत्काल हालात संभाले और पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया। बताया गया कि जिले के उपनगर पुर में समाज विशेष के एक स्थल की दीवार पर एक नारा लिखा मिलने से माहौल गरमा गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए लोगों को शांत करवाया। इससे पहले दीवार पर लिखे नारे को भी मिटा दिया गया था। मामले को लेकर पुलिस ने एक व्यक्ति को मौके से हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी लगते ही दूसरे पक्ष विरोध में उतर आया और थाने के बाहर जमा हो गए। दूसरे पक्ष के लोग पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने की मांग कर रहे थे।
पुर थाना पुलिस के अनुसार उपनगर पुर में नीलकंठ महादेव मंदिर के पास समाज विशेष का धार्मिक स्थान है। उसकी दीवार पर सुबह लोगों को कोयले से एक नारा लिखा हुआ मिला। समाज विशेष के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वहां भीड़ जमा हो गई। उन्होंने अज्ञात लोगों की हरकत का विरोध करते हुए कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। मौजूद लोग डीएसपी को मौके पर बुलाने और नारा लिखने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग करने लगे। इसके बाद डीएसपी सदर रामचंद्र चौधरी, एसडीएम ओमप्रभा मय जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी से बात करने के बाद लोग शांत हुए और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी।
उधर, पुलिस मौके से दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इसकी भनक लगते ही दूसरे पक्ष के लोग पुर थाने के बाहर पहुंचे और विरोध करना शुरू कर दिया। लोग पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने की मांग कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें भी शांत कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हालात सामान्य हैं, सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र में पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है।