सौतेले पिता ने बच्ची के साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर घर से बाहर फेंक दिया। मोहल्लेवासियों को इस बात का पता चला तो उन्होंने आरोपी पिता के साथ मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में एक सौतेले पिता ने 1 साल की बेटी के साथ बुरी तरह मारपीट की। इससे बच्ची की आंख में गहरी चोट आई है। बुरी तरह बच्ची को पिटते देख गुस्साए मोहल्लेवासियों ने आरोपी पिता की को जमकर पीट दिया। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
घटना शहर के पुरानी आबादी के एसबीआई बैंक के पास की है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि यहां एक परिवार बाहर से आकर रह रहा है। महिला ने युवक के साथ दूसरी शादी की है। महिला के पहले पति से एक साल की बेटी है। पिछले 2 दिन से बच्ची का सौतेला पिता उसके साथ मारपीट कर रहा था।
रविवार को आरोपी पिता ने बच्ची के साथ बुरी तरह मारपीट की। इससे उसकी आंख पर गहरी चोट आई। साथ ही शरीर पर भी कई जगह चोटें के निशान हैं। आरोपी पिता ने मारपीट कर बच्ची को घर से बाहर फेंक दिया। मोहल्लेवासियों को इस बात का पता चला तो उन्होंने आरोपी पिता के साथ मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर, पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।