राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर क्षेत्र में 3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने शनिवार शाम को पंजाब के गुरदासपुर स्थित जेल से इस मामले के तीसरे आरोपी 20 वर्षीय हरप्रीत सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी को पंजाब से श्रीगंगानगर ले आई है, जहां उससे मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
सीमा पार के इशारे पर साजिश
रामसिंहपुर रेल धमाके के मामले की जांच कर रहे आईपीएस नितिन चौधरी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी हरप्रीत सिंह पाकिस्तान में मौजूद आईएसआई एजेंट शाह के सीधे इशारे पर काम कर रहा था। जांच के दौरान आरोप सामने आया है कि एजेंट शाह ने ही आरोपी हरप्रीत सिंह को आईईडी ब्लास्ट उपलब्ध करवाए थे। इसके अलावा, रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के लिए जरूरी लोकेशन भी हरप्रीत सिंह ही पाकिस्तानी हैंडलर को उपलब्ध करवा रहा था।
पुलिस ने जब आरोपी हरप्रीत के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें से पाकिस्तान में हुई बातचीत के रिकॉर्ड और सीमा पार शेयर की गई कई लोकेशन बरामद हुई हैं। आईपीएस नितिन के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी हरप्रीत सिंह पहले से गिरफ्तार आरोपी देवेंद्र और महकदीप कौर के भी लगातार संपर्क में था।
उल्लेखनीय है कि रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की घटना के 14 दिन बाद आरोपी देवेंद्र और महकदीप कौर का एक वीडियो भी सामने आया था। इस वीडियो में दोनों आरोपी एक डेयरी बूथ पर सिगरेट पीते हुए नजर आ रहे हैं। जांच में सामने आया था कि वारदात से पहले महकदीप कौर आरोपी देवेंद्र के साथ घटनास्थल से 25 किलोमीटर दूर स्थित एक होटल में रुकी थी, जहां उसकी पहचान असली पहचान पत्र के जरिये हुई थी।
अकाली कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला
पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में यह भी खुलासा हुआ है कि पंजाब के गुरदासपुर जिले के थाना कलानौर क्षेत्र के गांव शाहूर के निवासी आरोपी हरप्रीत सिंह को पाकिस्तान से पैसे भेजे गए थे। यह राशि अकाली कार्यकर्ता कैप्टन सिंह की हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए भेजी गई थी। इसी साजिश के तहत आरोपी हरप्रीत ने 24 अक्तूबर की रात लगभग 9:15 बजे अकाली कार्यकर्ता कैप्टन सिंह पर फायरिंग की थी।
घटना के वक्त अकाली कार्यकर्ता कैप्टन सिंह बेलर मशीन से पराली की गांठें बनाने का काम खत्म करके अपने घर वापस लौट रहे थे। उसी दौरान गांव के एक युवक ने उन पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी। हमले के समय कैप्टन सिंह ने बचने के लिए तुरंत नीचे झुककर खुद को संभाला, जिससे गोली उनके सिर पर बंधे परने को आर-पार करती हुई निकल गई। गनीमत रही कि इस हमले में उनकी जान बच गई।
फरार होकर राजस्थान पहुंचा आरोपी
पीड़ित अकाली कार्यकर्ता कैप्टन सिंह के अनुसार, उनकी किसी भी व्यक्ति के साथ कोई रंजिश नहीं थी। फायरिंग को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। थाना कलानौर पुलिस ने पीड़ित कैप्टन सिंह के बयान दर्ज करके आरोपी हरप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
पंजाब में फायरिंग की इस वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी हरप्रीत सिंह वहां से भागकर राजस्थान आ गया था। अब रामसिंहपुर रेल धमाके के मामले में उसकी गिरफ्तारी के बाद श्रीगंगानगर पुलिस उसके पूरे नेटवर्क की परतें उघाड़ने में जुट गई है। पुलिस अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं ताकि उसके पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के साथ संपर्क, अन्य आरोपियों के साथ संबंधों और रेल ब्लास्ट की साजिश में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।