श्रीगंगानगर शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद होगा। इसके लिए नगर परिषद के अधिकारी छापेमारी कर कार्रवाई करेंगे। इस संबंध में शनिवार को नगर परिषद सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्य आयुक्त मंगतराय सेतिया द्वारा अवगत करवाया गया कि इस बैठक का उद्देश्य शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करवाना है। यह कार्य व्यापार मंडल, फल सब्जी मंडी और आमजन के सहयोग से समपन्न हो सकेगा।
कार्य आयुक्त द्वारा नगर पालिकाओं के समस्त ईओ को अपने निकाय क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध किए जाने बाबत समय समय पर कार्रवाई की जाकर प्लास्टिक जब्त किए जाने की कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। बैठक में नगर पालिकाओं के समस्त ईओ ने अपने-अपने सुझाव व विचार रखे तथा बताया कि प्लास्टिक से विभिन्न प्रकार की बीमारियां उत्पन्न होती है व आमजन के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन किया जाना अति आवश्यक है। इस कार्य में सहयोग हेतु व्यापार मण्डल, फल सब्जी मंडी और आमजन से अपील की गई। इसके उपरांत अध्यक्ष संयुक्त व्यापार मंडल तरसेम गुप्ता, अध्यक्ष फल सब्जी कृष्ण वधवा, सदस्य रमेश कुमार, सदस्य शम्मी वधवा, अध्यक्ष पैकिंग मेटिरियल डिस्पोजल क्रॉकरी वेदप्रकाश मिड्ढा, उपाध्यक्ष अजय नागपाल ने उक्त कार्य में प्रशासन का सहयोग करने का आश्वासन दिया। विचार विमर्श उपरांत सर्वसम्मति से बैठक का समापन किया गया।
बैठक में नगर परिषद, श्रीगंगानगर कार्य आयुक्त मंगतराय सेतिया, स्वास्थ्य अधिकारी देवेन्द्र प्रताप, ईओ नपा अनूपगढ़ और गजसिंहपुर लाजपत बिश्नोई, ईओ नपा श्रीविजयनगर मिल्खराज चुघ, ईओ नपा सूरतगढ़ पूजा शर्मा, ईओ नपा केसरी सिंहपुर विश्वास गोदारा, ईओ नपा लालगढ़ जाटान मुकुल चौधरी और पालिकाओं से अन्य कर्मचारी प्रतिनिधि, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार मंडल तरसेम गुप्ता, अध्यक्ष फल सब्जी कृष्ण वधवा, सदस्य रमेश कुमार, सदस्य शम्मी वधवा, अध्यक्ष पैकिंग मेटिरियल डिस्पोजल क्रॉकरी वेदप्रकाश मिड्ढा, उपाध्यक्ष अजय नागपाल और समस्त सफाई निरीक्षक उपस्थित रहे।