जिले के रायसिंहनगर बस स्टैंड पर सोमवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। वह बस स्टैंड पर खड़ी निजी बस के नीचे जाकर उसके सेल्फ स्टार्ट सिस्टम की मरम्मत करने का काम कर रहा था। उसी समय बस अचानक चालू होकर आगे बढ़ गई और मनीष उसके पहियों की चपेट में आ गया।
बस स्टैंड पर फैली अफरा-तफरी
रायसिंहनगर बस स्टैंड पर यह हादसा होते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अनियंत्रित हुई निजी बस एक होटल से जा टकराई, जिसके बाद वह रुकी। इस दौरान बस स्टैंड पर मौजूद फल विक्रेता भी बस की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान भाजपा में घमासान: किरोड़ी लाल के बयान से सियासी हलचल, हरियाणा की बात कहकर बहुत कुछ बोल गए कृषि मंत्री
मरम्मत के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव लिखमेवाला का निवासी मनीष रायसिंहनगर बस स्टैंड पर खड़ी निजी बस को ठीक कर रहा था। बस के सेल्फ स्टार्ट सिस्टम में खराबी आ गई थी। इसी खराबी को दूर करने के लिए मनीष बस के नीचे घुसकर मरम्मत में जुटा हुआ था। बस अचानक स्टार्ट हो गई और तेजी से आगे की ओर बढ़ गई। मनीष को संभलने या बाहर निकलने का बिल्कुल मौका नहीं मिला। वह बस के भारी पहियों के नीचे कुचला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू युवक की शादी से जुड़ा है। मनीष की शादी महज 10 दिन बाद होनी तय हुई थी। परिवार में विवाह की तैयारियां बेहद जोरों पर चल रही थीं। घर के सदस्य तथा रिश्तेदार परिचितों को शादी के निमंत्रण पत्र बांट रहे थे। परिवार में हर तरफ हर्ष और उल्लास का माहौल था। सुबह हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां एक पल में मातम में बदल दीं।